7 जून : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब शाहपुर द्वारा दुर्गेला पंचायत के गोहजू गांव स्थित स्वर्गधाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) नरेंद्र थकियाल ने की।
इस अवसर पर नरेंद्र थकियाल ने पौधारोपण की सही तकनीक, पौधों की देखभाल और उनके संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बढ़ता तापमान, अनियमित वर्षा और पर्यावरणीय असंतुलन गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते हरियाली का दायरा नहीं बढ़ाया गया तो जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव और अधिक गंभीर हो सकते हैं।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब शाहपुर के अध्यक्ष रोटेरियन सत्येंद्र गौतम सहित क्लब के कई सदस्यों, गणमान्य व्यक्तियों और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के लिए पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।