कुल्लू जिला परिषद में भाजपा का बहुमत, शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर ठोका दावा

6 जून: कुल्लू जिला परिषद के 14 निर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को जिला परिषद भवन में आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र ने सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पहले कांग्रेस समर्थित सदस्य पहुंचे, जिन्हें शपथ दिलाई गई, जबकि बाद में भाजपा समर्थित सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण किया।

जिला परिषद के 14 वार्डों में से नौ सदस्यों को भाजपा का समर्थन प्राप्त है, जबकि चार सदस्य कांग्रेस समर्थित हैं। एक निर्दलीय सदस्य विभा सिंह पारिवारिक कारणों के चलते शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो सकीं। शपथ ग्रहण के साथ ही जिला परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। भाजपा ने बहुमत के आधार पर दोनों पदों पर अपना दावा पेश किया है।

पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को प्रदेशभर में जनता का व्यापक समर्थन मिला है और कुल्लू जिला परिषद में भी भाजपा बहुमत की स्थिति में है। उन्होंने विश्वास जताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित सदस्य ही निर्वाचित होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी।

वहीं बरशैणी जिला परिषद वार्ड से निर्वाचित कांग्रेस समर्थित सदस्य प्रवीण ठाकुर ने शपथ ग्रहण के बाद अपने क्षेत्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए विकास संबंधी वादों को पूरा करने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे।

अब जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव की तारीख घोषित होने का इंतजार है, जिसके बाद जिला परिषद की नई कार्यकारिणी का गठन होगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *