6 जून : हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चिट्टा तस्करी मामले की जांच के दौरान चंडीगढ़ से एक कथित सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 मई 2026 को ढली थाना क्षेत्र के भट्टाकुफ्फर में एक वाहन से करीब 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। इस मामले में पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल करते हुए ड्रग सप्लाई नेटवर्क तक पहुंच बनाई।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पहले चंडीगढ़ निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए चंडीगढ़ के राम दरबार इंडस्ट्रियल एरिया निवासी 28 वर्षीय बॉबी को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस का दावा है कि वह नशा सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कड़ी था।
जांच एजेंसियों को आरोपियों के बीच कथित लेन-देन और संपर्कों से जुड़े अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी और अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।