बगस्याड़ में दर्दनाक हादसा: मशीन ले जा रहा ट्रक खाई में गिरा, चालक की मौत

6 जून: मंडी जिले के सराज क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की जान चली गई। बगस्याड़-शिकावरी मार्ग पर एलएनटी मशीन लेकर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 10:45 बजे हुई। ट्रक एक भारी मशीन लेकर शिकावरी की ओर जा रहा था। सड़क की खराब स्थिति और कम चौड़ाई के कारण वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और गहरी खाई में गिर गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में दो लोग सवार थे। सड़क की खराब हालत को देखते हुए एक व्यक्ति वाहन को मार्गदर्शन देने के लिए ट्रक के साथ पैदल चल रहा था।

हादसे के समय पीछे आ रही एक कार में सवार लोगों ने तुरंत स्थानीय ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल चालक को खाई से बाहर निकाला। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान 38 वर्षीय संतोष कुमार निवासी गैहरा, सरकाघाट के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *