करसोह में तड़के लगी भीषण आग, पशुशाला जलकर राख; भैंस झुलसी

5 जून: हमीरपुर जिले के विकास खंड टौणीदेवी की ग्राम पंचायत गुवारडू के करसोह गांव में शुक्रवार तड़के भीषण अग्निकांड से एक पशुशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे में पशुपालक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है, जबकि पशुशाला में बंधी एक भैंस भी आग की चपेट में आने से झुलस गई।

जानकारी के अनुसार करसोह निवासी अमित कुमार पुत्र कमलेश कुमार की पशुशाला में सुबह करीब तीन बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी पशुशाला इसकी चपेट में आ गई।

ग्रामीणों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए अंदर फंसी भैंस को बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि आग से भैंस झुलस गई है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

अग्निकांड में पशुशाला के भीतर रखा चारा, उपकरण और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। पीड़ित अमित कुमार ने बताया कि हादसे से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन और राजस्व विभाग से मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने तथा राहत नियमों के तहत उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *