5 जून: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने एसओएस की सितंबर 2026 में प्रस्तावित परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड से संबद्ध निजी प्रबंधित विद्यालयों और संस्थानों से परीक्षा केंद्र के रूप में नामित किए जाने हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि इच्छुक निजी विद्यालय एवं संस्थान बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित प्रारूप के अनुसार अपने स्कूल लॉगिन आईडी के माध्यम से केवल ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि बिना विलंब शुल्क के आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 30 जून तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद 1 जुलाई से 15 जुलाई तक 5,000 रुपये विलंब शुल्क तथा 16 जुलाई से 30 जुलाई तक 10,000 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन किए जा सकेंगे।
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि 30 जुलाई के बाद प्राप्त आवेदनों पर केवल सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति मिलने के बाद ही विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र निर्माण से संबंधित सभी नियम एवं शर्तें बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।