हिमाचल के पूर्व IAS तरुण कपूर को बड़ी जिम्मेदारी, PM मोदी के सलाहकार के रूप में एक साल का सेवा विस्तार

5 जून: हिमाचल प्रदेश कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी तरुण कपूर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार के रूप में एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है। केंद्र सरकार के कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार उनका कार्यकाल अब 10 जून 2027 तक बढ़ा दिया गया है।

तरुण कपूर 1987 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं और जून 2024 में उन्हें प्रधानमंत्री के सलाहकार के पद पर नियुक्त किया गया था। अब कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।

शिमला में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाले तरुण कपूर नवंबर 2022 में भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय में सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे शिमला और चंबा के उपायुक्त रहने के साथ-साथ वन, पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा ऊर्जा विभागों में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।

ऊर्जा और सौर क्षेत्र में उनके योगदान के चलते उन्हें ‘सोलर मैन’ के नाम से भी जाना जाता है। उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

 

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *