5 जून: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने स्पेशल एजुकेटर शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 7 जून 2026 को प्रदेश के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं, जिन्हें अभ्यर्थी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं।
बोर्ड के अनुसार इस वर्ष स्पेशल एजुकेटर टीईटी परीक्षा में कुल 535 अभ्यर्थी भाग लेंगे। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में तीन विशेष परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी और प्रत्येक सत्र की अवधि ढाई घंटे निर्धारित की गई है।
पहला सत्र सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा, जिसमें प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक के लिए पात्रता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस सत्र में 407 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं दूसरा सत्र दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगा, जिसमें छठी से बारहवीं कक्षा तक के लिए पात्रता परीक्षा होगी। इस सत्र में 128 उम्मीदवार परीक्षा देंगे।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसका प्रिंट अवश्य निकाल लें। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ वैध मूल पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा।
किसी भी तकनीकी समस्या या परीक्षा संबंधी जानकारी के लिए अभ्यर्थी बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं। बोर्ड ने सभी उम्मीदवारों से परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने की अपील की है।