डिब्बा गांव को मिली बड़ी सौगात, सड़क टायरिंग का ऐलान; केवल सिंह पठानिया ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

5 जून: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने धारकण्डी क्षेत्र की रिडकमार पंचायत के डिब्बा गांव का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और जनसुविधाओं की मांग उनके समक्ष रखी।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने घोषणा की कि मुख्य सड़क से डिब्बा गांव तक संपर्क मार्ग की टायरिंग जल्द करवाई जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए लगातार प्रयासरत है।

दौरे के दौरान उन्होंने हाल ही में संपन्न पंचायत चुनावों में विजयी हुए प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों को बधाई देते हुए जनसेवा और क्षेत्रीय विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

गांव पहुंचने पर पंचायत प्रधान शिल्पा देवी तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को भी उनके समक्ष रखा, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जिला परिषद सदस्य संदीप, हिमाचली लोकगायक ईशांत भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *