एचपीसीए अंडर-19 वनडे टीम के ट्रायल 4 जून को, पेखूबेला में खिलाड़ियों की होगी चयन प्रक्रिया

3 जून: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) सत्र 2026-27 के लिए पुरुष अंडर-19 वनडे टीम और कैंप के चयन हेतु 4 जून को ट्रायल आयोजित करेगा। यह चयन प्रक्रिया सुबह 10 बजे जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) पेखूबेला में शुरू होगी। ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए निर्धारित समय पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

एचपीसीए के महासचिव मनुज शर्मा ने बताया कि केवल पात्र और पंजीकृत खिलाड़ी ही चयन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। ट्रायल के लिए खिलाड़ी का जन्म 1 सितंबर 2007 या उसके बाद का होना चाहिए। इसके अलावा खिलाड़ी का बोनाफाइड हिमाचली होना भी जरूरी है।

यदि किसी खिलाड़ी का जन्म हिमाचल प्रदेश के बाहर हुआ है, तो उसे 1 सितंबर 2025 से पहले हिमाचल के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में अध्ययनरत होना चाहिए या उसके पास हिमाचल प्रदेश के क्षेत्राधिकार से 1 सितंबर 2025 से पूर्व जारी पासपोर्ट होना चाहिए।

चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक प्रमाण पत्र अथवा वर्तमान शैक्षणिक सत्र का स्कूल प्रमाण पत्र, मूल बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र और आधार कार्ड साथ लाना होगा।

एचपीसीए ने खिलाड़ियों को रंगीन क्रिकेट ड्रेस में ट्रायल स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बैट, पैड, ग्लव्स, हेलमेट, कैप सहित अपनी आवश्यक क्रिकेट किट भी साथ लानी होगी। एसोसिएशन ने सभी पात्र खिलाड़ियों से ट्रायल में भाग लेकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का आह्वान किया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *