शटरिंग से लदा पिकअप पलटा, युवक की दर्दनाक मौत; चालक पर लापरवाही का केस दर्ज

31 मई : सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। शटरिंग का सामान लेकर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वाहन में सवार युवक उसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक की पहचान दिव्यांशु पुत्र रणबीर सिंह निवासी गांव अम्बोया (चिलोई), तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दिव्यांशु शटरिंग का सामान लेकर पिकअप वाहन से रूदाणा जा रहा था। रास्ते में भरली के समीप वाहन अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से दिव्यांशु को वाहन के नीचे से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब और बाद में हर्बटपुर स्थित मसीही अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन सुमेर चंद का था और उसे अजय कुमार निवासी रूदाणा चला रहा था। शिकायतकर्ता ने दुर्घटना के लिए चालक की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

पुलिस थाना पुरुवाला में चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *