30 मई : जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। लखदाता पीर के समीप पार्क के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल 8 वर्षीय आयान सूर्या ने उपचार के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार आयान सूर्या गुरुवार रात सड़क हादसे का शिकार हुआ था। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे तुरंत डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मृतक आयान कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल का छात्र था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। परिवार मूल रूप से हरिपुरधार क्षेत्र के चुनवी गांव का रहने वाला है। बेटे की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार हादसे में एक स्कॉर्पियो वाहन के शामिल होने की आशंका है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो संदिग्ध रूप से दिखाई दी है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी वाहन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।