सिरमौर में तूफान का कहर, 296 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त, कई क्षेत्रों में घंटों गुल रही बिजली

30 मई: जिला सिरमौर में  आए तेज आंधी-तूफान ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं और पेड़ों के गिरने से विद्युत सर्किल नाहन के अंतर्गत कुल 296 ट्रांसफार्मर ठप हो गए, जिसके चलते जिले के कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

सबसे ज्यादा नुकसान नाहन और पांवटा साहिब क्षेत्र में दर्ज किया गया। नाहन विद्युत मंडल के तहत करीब 110 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए, जबकि पांवटा साहिब मंडल में 186 ट्रांसफार्मर बंद हो गए। कई जगहों पर पेड़ बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों पर गिर गए, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि खराब मौसम के कारण कई स्थानों पर बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा है। विभाग की टीमें रात से ही मरम्मत और बिजली बहाली के कार्य में जुटी रहीं, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य की जा सके।

नाहन शहर के यशवंत विहार, बनोग, कैंट क्षेत्र, चौहान का बाग और नौणी का बाग समेत कई इलाकों में पूरी रात बिजली गुल रही। इसके अलावा ददाहू उपमंडल और पांवटा साहिब के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को लंबे बिजली कट का सामना करना पड़ा।

बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों की रात परेशानी में बीती। उपभोक्ताओं के अनुसार कई क्षेत्रों में 8 से 10 घंटे तक बिजली नहीं रही, जिससे गर्मी के बीच लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि विद्युत बोर्ड ने अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *