कल खुलेगा मतपेटियों का फैसला, कुल्लू में मतगणना की सभी तैयारियां पूरी

30 मई: कुल्लू जिले में पंचायती राज चुनावों के तहत ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों की मतगणना 31 मई को आयोजित की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने बताया कि मतगणना सुबह 9 बजे से शुरू होगी और इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना कार्य के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई है।

विकास खंड कुल्लू की मतगणना राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला खोरी रोपा में होगी, जहां 20 मतगणना टेबल स्थापित किए गए हैं। विकास खंड भुंतर की मतगणना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुंतर में होगी, जहां 12 टेबल लगाए गए हैं। वहीं विकास खंड बंजार की मतगणना अम्बेडकर भवन बंजार में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए 15 टेबल निर्धारित किए गए हैं।

विकास खंड आनी की मतगणना राजकीय महाविद्यालय आनी में होगी, जहां 15 टेबल स्थापित किए जा रहे हैं। विकास खंड निरमंड की मतगणना राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान निरमंड में होगी और यहां भी 15 टेबल लगाए गए हैं। जबकि विकास खंड नग्गर की मतगणना तिब्बतियन स्कूल मनाली में संपन्न होगी, जिसके लिए 21 टेबल निर्धारित किए गए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही मतगणना की वेबकास्टिंग भी की जाएगी ताकि पूरी प्रक्रिया की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *