हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का हिस्सा ढहा, मलबे में दबकर 6 मजदूरों की मौत

29 मई : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि हादसा तेज आंधी और खराब मौसम के दौरान हुआ। पुल का हिस्सा गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

हमीरपुर के एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। कई थानों की पुलिस और स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच करवाई जाएगी। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *