नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा: मक्के से भरा ट्रक बाइकों पर पलटा, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

29 मई : पांवटा साहिब-जगाधरी नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा लालढांग क्षेत्र के पास उस समय हुआ जब मक्के से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दो बाइकों पर पलट गया।

जानकारी के अनुसार हरियाणा के यमुनानगर से एक परिवार दो बाइकों पर सवार होकर हिमाचल प्रदेश स्थित श्रीरेणुकाजी तीर्थ के दर्शन के लिए निकला था। जब वे कलेसर नेशनल पार्क क्षेत्र की पहाड़ी सड़क पर पहुंच रहे थे, तभी सामने से आ रहा ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और बाइकों पर पलट गया।

हादसे में बाइक सवार सभी लोग ट्रक के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों में पिता और उनकी दो बेटियां शामिल हैं। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *