29 मई : लखनऊ में यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में घटना के सात दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। नामजद आरोपी शिवम यादव और शनि यादव अब भी फरार हैं, जबकि पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद से आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हैं और वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक कई बार सिम कार्ड बदल चुके हैं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता जौनपुर की रहने वाली है और दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। छुट्टियों के बाद वह ट्रेन से दिल्ली लौट रही थी। आरोप है कि उसका परिचित युवक चारबाग स्टेशन पहुंचा और उसे जबरन अपने साथ ले गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे एक फ्लैट में ले जाकर नशीला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत में अन्य युवकों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बाद में तबीयत बिगड़ने पर उसे वापस ट्रेन में बैठाकर भेज दिया गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।