29 मई : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी की महिला सभा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के साथ घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग उनके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मड़िया गांव का है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर करीब आधा दर्जन लोग जबरन गार्गी पटेल के घर में घुस आए और उनके परिवार के साथ कहासुनी के बाद मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई। वीडियो में कुछ लोग गार्गी पटेल को पकड़कर धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आई हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। वहीं, सपा नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।