29 मई: सोलन के देऊंघाट क्षेत्र में गुरुवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते कार सीधे खाई में जा गिरी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि मृतक की पहचान करने का प्रयास जारी है।