चंबा के विकास कार्यों को लेकर पार्षदों ने सीएम से की मुलाकात

29 मई: नगर परिषद चंबा के नवनिर्वाचित कांग्रेस समर्थित पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने सदर विधायक नीरज नैय्यर की धर्मपत्नी भारती नैय्यर के नेतृत्व में शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने चंबा शहर के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया।

बैठक के दौरान पार्षदों ने चंबा शहर की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए नगर परिषद को विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शिमला भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि चंबा शहर के विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और सरकार हर संभव सहयोग करेगी।

पार्षदों ने मुख्यमंत्री के समक्ष चंबा के ऐतिहासिक चौगान नंबर-4 को चंडीगढ़ की तर्ज पर आधुनिक रूप से विकसित करने की मांग भी रखी। इसके अलावा शहर से पक्काटाला मोहल्ले की ओर जाने वाली निकास नालियों के रखरखाव और जीर्णोद्धार के साथ शहर की आंतरिक गलियों और मुख्य मार्गों को पक्का करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित पार्षद भुवनेश्वरी गुलाटी, सपना कुमारी, विजय कुमार और तनवी गोस्वामी भी मौजूद रहे। पार्षदों की विकास को लेकर सक्रियता से चंबा शहर में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *