पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में रिकॉर्ड मतदान, कुल्लू में सबसे ज्यादा वोटिंग दर्ज

29 मई: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। प्रदेश की 1276 ग्राम पंचायतों में गुरुवार को करीब 80 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक मतपत्र और मतपेटियों के माध्यम से करवाया गया।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि जिला कुल्लू में सबसे अधिक करीब 86 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वहीं सिरमौर में लगभग 85 फीसदी मतदान हुआ, जबकि लाहुल-स्पीति में सबसे कम करीब 69 फीसदी वोटिंग रिकॉर्ड की गई।

इस बार भी महिला मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रदेश के नौ जिलों में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक रहा। जिला कुल्लू में महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा रही, जहां करीब 86 फीसदी महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आयोग ने इसे महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी और सशक्तिकरण का सकारात्मक संकेत बताया है।

सबसे अधिक मतदान जिला सोलन के विकास खंड नालागढ़ की ग्राम पंचायत ढेला में दर्ज किया गया, जहां लगभग 96 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया। प्रदेशभर में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना कई पंचायतों में देर रात तक जारी रही।

वहीं 250 जिला परिषद वार्डों और 1684 पंचायत समिति वार्डों की मतगणना अब 31 मई 2026 को करवाई जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन, चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *