29 मई: सिरमौर जिले के सैनवाला मुबारकपुर स्थित ईदगाह में ईद की नमाज के दौरान एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां 7 वर्षीय मासूम बच्चे की पानी से भरी खड्ड में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार आयान पुत्र इस्लाम अपने परिजनों के साथ सुबह ईद की नमाज अदा करने ईदगाह पहुंचा था। नमाज के दौरान बच्चे के पिता और दादा इबादत में व्यस्त थे, जबकि आयान पास में खेल रहा था। इसी बीच अचानक बच्चा लापता हो गया। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आसपास खोजबीन शुरू की।
तलाशी के दौरान ईदगाह से कुछ दूरी पर स्थित पानी और दलदल से भरी गहरी खड्ड में बच्चे के डूबे होने का पता चला। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि सिंचाई नहर से पानी रिसने के कारण खड्ड में काफी पानी और दलदल जमा हो गया था। खड्ड की गहराई करीब साढ़े चार फुट बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही माजरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।