हणोगी टनल में पर्यटकों के बीच मारपीट, ओवरटेकिंग को लेकर चले लात-घूंसे; वीडियो वायरल

28 मई : हिमाचल प्रदेश में पर्यटन सीजन के चलते सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच मंडी जिले के मनाली हाईवे स्थित हणोगी टनल के भीतर पर्यटकों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार टनल के अंदर जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान आगे निकलने और ओवरटेकिंग को लेकर कुछ पर्यटकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और लात-घूंसे चलने लगे। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

वायरल वीडियो में कुछ लोग आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य लोग बीच-बचाव करते दिखाई दे रहे हैं। इस हंगामे के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में मामला शांत होने पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हुई।

गौरतलब है कि इन दिनों चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर भारी ट्रैफिक देखने को मिल रहा है। जाम के दौरान कई वाहन चालक नियम तोड़कर आगे निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ट्रैफिक जाम के दौरान धैर्य बनाए रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *