1 जून से फिर शुरू होगा भारत-चीन सीमा व्यापार, शिपकीला दर्रे से बढ़ेंगी कारोबारी गतिविधियां

28 मई: भारत और चीन सीमा पर स्थित शिपकीला दर्रे के जरिए सीमा व्यापार (बॉर्डर ट्रेड) एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। विदेश मंत्रालय से राजनीतिक मंजूरी मिलने के बाद किन्नौर जिला प्रशासन ने वर्ष 2026 के व्यापार सत्र की तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीसी किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि 1 जून से भारत-चीन बॉर्डर ट्रेड दोबारा शुरू होगा।

प्रशासन को अब तक करीब 55 व्यापारियों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। सभी आवेदनों को सुरक्षा जांच (सिक्योरिटी क्लीयरेंस) के लिए भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद व्यापारियों को ट्रेड और ट्रैवल पास जारी किए जाएंगे। व्यापारियों को नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी देने के लिए जून के पहले सप्ताह में विशेष कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। यह कार्यशाला वाणिज्य मंत्रालय, कस्टम विभाग और विदेश व्यापार महानिदेशक के सहयोग से ऑनलाइन या ऑफलाइन मोड में होगी।

शिपकीला दर्रे के माध्यम से ऊन, रेडीमेड कपड़े, जूते, बकरी का पशम, खाल, याक से जुड़े उत्पाद, नमक, सुहागा, चाइना क्ले, सिल्क, कालीन, कंबल और स्थानीय हर्बल दवाओं का आयात किया जाएगा। वहीं भारत की ओर से चावल, जौ, आटा, फल, सूखे मेवे, सब्जियां, मसाले, कपड़े, हस्तशिल्प, घरेलू सामान, जूते, स्टेशनरी, तांबे के उत्पाद, हर्बल दवाएं और अन्य कई वस्तुओं का निर्यात किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *