28 मई: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले की मंगला पंचायत में पंचायत चुनाव के दौरान प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है। मतदान के दिन कई मतदाता वोटर आईडी कार्ड लेकर पोलिंग बूथ पहुंचे, लेकिन मतदाता सूची में नाम न होने के कारण उन्हें बिना मतदान किए वापस लौटना पड़ा। कई लोगों के नाम और पते गलत दर्ज होने से भी उन्हें वोट डालने से वंचित रहना पड़ा।
जानकारी के अनुसार विकास खंड मैहला की मंगला पंचायत में करीब 40 से 45 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब पाए गए। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। मतदाताओं ने बताया कि वे पहले भी विधानसभा और अन्य चुनावों में मतदान कर चुके हैं, लेकिन इस बार सूची में नाम नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मतदान केंद्रों पर उन्होंने कई बार अपने नाम तलाशने की कोशिश की, लेकिन सूची में नाम नहीं मिला। वहीं कुछ मतदाताओं के पिता के नाम और अन्य विवरण गलत दर्ज होने के कारण भी मतदान नहीं हो सका।
मतदाताओं ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान इस तरह की लापरवाही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करती है और भविष्य में ऐसी त्रुटियां दोबारा नहीं होनी चाहिए।