राजगढ़ में लोकतंत्र का उत्साह: 11 पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान, 11 बजे तक 48.15% वोटिंग

28 मई, रवि दत्त भारद्वाज : राजगढ़ विकास खंड की 11 पंचायतों में त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण का मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण माहौल में जारी रहा। सुबह से ही 57 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुहावने मौसम के चलते इस बार मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया और युवा से लेकर बुजुर्ग तक बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेते दिखे।

दूसरे चरण में माटल बखोग, कुंडू लवाणा, राणाघाट, धनच मानवा, शाया, सनौरा, करगाणु, भाणत, बोहल टालिया, दीदग, कोठिया छात्र और डिंबर पंचायतों में मतदान करवाया जा रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। महिलाओं और युवाओं में भी मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। 11 बजे तक लगभग 48.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

निर्वाचन विभाग की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गई हैं। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए अधिकारियों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। निर्वाचन अधिकारी कुलदीप ठाकुर ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कुलदीप ठाकुर ने बताया कि राजगढ़ विकास खंड की सभी 11 पंचायतों के 57 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और लगातार मतदान केंद्रों की मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि मतदान समाप्त होने के बाद पंचायत समिति और जिला परिषद की मत पेटियों को सेक्टर अधिकारियों के माध्यम से राजगढ़ लाकर स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि प्रधान, उपप्रधान और पंचायत सदस्यों की मत पेटियां संबंधित पंचायत मुख्यालयों तक कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचाई जाएंगी, जहां मतगणना होगी।

पहले चरण के मुकाबले इस बार मौसम ने मतदाताओं को बड़ी राहत दी है। आसमान में बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट आने से मतदान केंद्रों पर लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ती रही। मौसम के बदले मिजाज का असर मतदान प्रतिशत पर भी साफ दिखाई दिया।

ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बुजुर्ग मतदाता भी पूरे जोश के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे, जबकि युवाओं में अपने पंचायत प्रतिनिधियों को चुनने को लेकर खास उत्साह नजर आया

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *