28 मई: कसौली और आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से जंगलों में लगी भीषण आग पर काबू पाने के लिए भारतीय वायुसेना ने बड़ा अभियान शुरू किया है। आग लगातार फैलने से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि कई वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास भी प्रभावित हुए हैं।
भारतीय वायुसेना के अनुसार नागरिक प्रशासन की सहायता के लिए मंगलवार शाम से ही अग्निशमन अभियान लगातार जारी है। वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने चंडीगढ़ स्थित सुखना झील से पानी भरकर ‘बांबी बकेट ऑपरेशन’ के तहत 15 से अधिक उड़ानें भरीं और आग प्रभावित क्षेत्रों में 40 हजार लीटर से ज्यादा पानी गिराया।
जानकारी के अनुसार आग कसौली वायुसेना स्टेशन के आसपास से शुरू होकर कोटी, सनावर, गड़खल, मनोण, जागेशु, सीआरआई और मंकी प्वाइंट के जंगलों तक फैल गई। दुर्गम इलाकों में जहां जमीनी टीमें पहुंचने में कठिनाई महसूस कर रही थीं, वहां वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने मोर्चा संभाला।
वन विभाग, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।