28 मई: सिरमौर जिले के रेणुका जी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा बायला के समीप हुआ, जहां मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर स्किड हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 40 वर्षीय अरुण लाल पुत्र चमेल सिंह निवासी कांसर डबरोग, तहसील ददाहू जिला सिरमौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना गंभीर था कि अरुण लाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू की।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना रेणुका जी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।