राजगढ़ में नौतपा का असर, 50 साल बाद रिकॉर्ड तोड़ गर्मी; दोपहर में 38 डिग्री पहुंचा पारा

27 मई , रवी दत्त भारद्वाज: सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में नौतपा के तीसरे दिन भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को सुबह 11 बजे ही तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि दोपहर तक पारा करीब 38 डिग्री दर्ज किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कई दशकों बाद इतनी तेज गर्मी देखने को मिली है।

तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दोपहर के समय बाजार, सड़कें और खेत-खलिहान सूने नजर आए। किसान और बागवान भी गर्मी के कारण काम छोड़कर घरों में रहने को मजबूर दिखे।

राजगढ़ क्षेत्र सामान्यतः ठंडे मौसम के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार नौतपा के दौरान तापमान ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

क्या होता है नौतपा?

ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ नौतपा की शुरुआत होती है। इन दिनों सूर्य की तेज किरणों के कारण तापमान तेजी से बढ़ता है और गर्मी का असर अधिक महसूस होता है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान पड़ने वाली गर्मी मानसून की गतिविधियों को प्रभावित करने में अहम भूमिका निभाती है। वैज्ञानिकों के अनुसार तेज गर्मी से निम्न दबाव का क्षेत्र बनता है, जो मानसून को आगे बढ़ाने में मदद करता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह

भीषण गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और सिर ढककर बाहर निकलने की सलाह भी दी गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को इस दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *