28 मई : मंडी जिले में मंडी-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक ट्रैवलर वाहन हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे वाहन में सवार करीब पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा पनारसा क्षेत्र के पास सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। ट्रैवलर मंडी से मनाली की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नगवाईं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों को गंभीर चोटें भी आई हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ना माना जा रहा है।