कांगड़ा पंचायत चुनाव में 8 वोटों की हार से भड़का विवाद, पंचायत भवन के बाहर जुटी भारी भीड़

27 मई: कांगड़ा ब्लॉक की झिकली इच्छी पंचायत में पंचायत चुनाव के नतीजे सामने आते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रधान पद पर महज 8 वोटों से हार मिलने के बाद एक प्रत्याशी के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया और पोलिंग पार्टी को कुछ देर के लिए कमरे में बंद कर दिया।

बताया जा रहा है कि पंचायत में वोटों की गिनती पूरी रात चली और सुबह करीब 6:30 बजे जैसे ही अंतिम परिणाम घोषित हुआ, वैसे ही विवाद शुरू हो गया। हारने वाले उम्मीदवार के समर्थकों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि 35 वोट गायब हैं और मतगणना में गड़बड़ी हुई है।

चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार इकबाल सिंह को 1331 वोट मिले, जबकि बीजेपी समर्थित विजय कुमार को 1323 वोट हासिल हुए। सिर्फ 8 वोटों के अंतर से मिली हार के बाद विजय कुमार के समर्थक पंचायत भवन के बाहर सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही बीडीओ कांगड़ा तारुल कटियार और तहसीलदार प्रकाश चंद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन नाराज भीड़ ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और अधिकारियों की गाड़ियों को भी रोक लिया। हालात काबू से बाहर होते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद प्रशासनिक टीम वहां से सुरक्षित निकल सकी।

उधर, चुनाव हारने वाले उम्मीदवार विजय कुमार ने चुनाव अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वह इस चुनाव परिणाम को कोर्ट में चुनौती देंगे और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *