27 मई, रवि दत्त भारद्वाज: राजगढ़ विकास खंड की 12 पंचायतों में त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनाव के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद मतदाताओं का उत्साह देखने लायक रहा। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पहले चरण में कुल 81.38 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
सबसे खास बात दाहन पंचायत के वार्ड नंबर दाहन-दो में देखने को मिली, जहां सभी 110 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर शत-प्रतिशत मतदान का रिकॉर्ड बनाया। इसे क्षेत्र में लोकतांत्रिक जागरूकता और भागीदारी का बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार राजगढ़ ब्लॉक की 12 पंचायतों के 64 मतदान केंद्रों पर कुल 10 हजार 606 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें 5 हजार 582 पुरुष और 5 हजार 24 महिला मतदाता शामिल रहे। जिन पंचायतों में मतदान हुआ उनमें नेहरपाब, छोगटाली, काथलीभरण, शिलांजी, थैनाबसोतरी, दाहन, टाली भुज्जल, नेहरटीबघोट, हाब्बन, कडोलीदोची, कोटला बांगी और देवठी मझगांव पंचायतें शामिल हैं।
दिनभर क्षेत्र में गर्म हवाएं और तेज धूप का असर बना रहा, लेकिन इसका असर मतदाताओं के उत्साह पर नहीं पड़ा। पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं में खासा जोश देखने को मिला, वहीं बुजुर्ग मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के प्रति अपनी मजबूत आस्था दिखाई।
निर्वाचन अधिकारी पंचायती राज कुलदीप सिंह ठाकुर ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। उन्होंने कहा कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और दूसरे चरण में बुधवार को 11 पंचायतों के 57 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
नेहरपाब पंचायत के टिक्करी जंजाह मतदान केंद्र में शतायु पार कर चुकी कुंजी देवी ने मतदान कर लोगों को प्रेरित किया। वहीं कोटला बांगी पंचायत की 98 वर्षीय मुंगला देवी ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। दोनों बुजुर्ग महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
पहली बार अस्तित्व में आई कडोलीदोची पंचायत में भी मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। यहां एक बीमार व्यक्ति भी मतदान केंद्र पहुंचा और अपने मताधिकार का प्रयोग कर जागरूकता का संदेश दिया।
मतदान के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई।
राजगढ़ ब्लॉक में रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत और मतदाताओं के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि लोकतंत्र के प्रति लोगों की आस्था लगातार मजबूत हो रही है। भीषण गर्मी के बावजूद लोगों ने उत्साह और जिम्मेदारी के साथ मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाया।