27 मई: राजधानी शिमला में ब्रिटिशकालीन यूएस क्लब का ऐतिहासिक गेट मंगलवार को हटा दिया गया। लोक निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ीकरण कार्य के तहत यह कार्रवाई की। लंबे समय से संकरी सड़क के कारण लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जानकारी के अनुसार यूएस क्लब गेट के पास सड़क को चौड़ा करने के लिए डंगा लगाया जा रहा है। यहां निजी भवन निर्माण का कार्य भी चल रहा है। बताया जा रहा है कि भूमि मालिक की ओर से डंगा निर्माण शुरू करवाया गया है। डंगा बनने के बाद सड़क करीब ढाई से तीन फीट तक चौड़ी हो जाएगी, जिससे वाहनों की आवाजाही पहले के मुकाबले अधिक सुगम हो सकेगी।
मौजूदा समय में इस मार्ग पर वाहनों को मोड़ने में काफी दिक्कत आती है और दो गाड़ियों का एक साथ निकलना मुश्किल होता है। स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क चौड़ी करने की मांग कर रहे थे। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के चलते पुराने गेट को हटाया गया है और काम पूरा होने के बाद यहां नए डिजाइन में गेट बनाया जाएगा।
ब्रिटिश शासनकाल में बनाया गया यूएस क्लब गेट वर्षों से इस क्षेत्र की पहचान बना हुआ था। अंग्रेज अधिकारियों के दौर में बने इस प्रवेश द्वार के कारण आज भी लोग इस इलाके को ‘यूएस क्लब गेट’ के नाम से जानते हैं। हालांकि यह गेट नगर निगम शिमला की हेरिटेज सूची में शामिल नहीं था, फिर भी स्थानीय लोग इसे ऐतिहासिक धरोहर मानते रहे हैं।