बीबीएन के युवाओं के लिए सिपेट की नई पहल, मुफ्त मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण

27 मई: औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सिपेट बद्दी में 600 घंटे के कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। यह कार्यक्रम केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के रसायन एवं पेट्रो रसायन विभाग के तहत संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम को टोपन स्पेसियलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत प्रायोजित किया गया है, जबकि इसका संचालन श्री सत्या साई मानव सेवा फाउंडेशन के माध्यम से किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ टोपन इंडस्ट्रीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोहर कुमार, मुख्य वित्तीय अधिकारी अमित जैन तथा सिपेट बद्दी के संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख परमिंदर प्रीत सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस मौके पर परमिंदर प्रीत सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी दक्षता और कौशल विकास युवाओं के लिए रोजगार हासिल करने का अहम माध्यम बन चुका है। वहीं मनोहर कुमार ने कहा कि उद्योगों को ऐसे प्रशिक्षित युवाओं की जरूरत है, जो तकनीकी रूप से सक्षम होने के साथ-साथ कार्य संस्कृति को भी अच्छी तरह समझते हों।

सिपेट बद्दी के तकनीकी अधिकारी एवं कौशल विकास प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को प्लास्टिक प्रोसेसिंग तकनीक की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को औद्योगिक भ्रमण भी करवाया जाएगा, ताकि उन्हें उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को रहने, खाने और अध्ययन सामग्री सहित सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *