समर फेस्टिवल 2026 होगा खास, हेलिकॉप्टर टूअर से लेकर फिल्म फेस्टिवल तक आकर्षण

27 मई : राजधानी शिमला में इस बार आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल पहले से ज्यादा खास और आकर्षक रहने वाला है। पहली बार संजौली हेलीपेड को उत्सव का हिस्सा बनाया गया है, जहां से पर्यटक और स्थानीय लोग हेलिकॉप्टर के जरिए आसमान से शिमला का खूबसूरत नजारा देख सकेंगे। प्रशासन ने इसके लिए हेलीकॉप्टर कंपनी से बातचीत पूरी कर ली है, हालांकि किराया अभी तय नहीं किया गया है।

डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने बताया कि पंचायत चुनाव और प्रशासनिक व्यस्तताओं के चलते इस बार ग्रीष्मोत्सव 8 से 12 जून 2026 तक आयोजित होगा। इस बार उत्सव को केवल रिज मैदान तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि स्कूलों, खेल मैदानों और शहर के अलग-अलग हिस्सों तक कार्यक्रम पहुंचाए जाएंगे। बच्चों, युवाओं, महिलाओं, कलाकारों और खिलाड़ियों को एक मंच देने पर खास फोकस रहेगा।

समर फेस्टिवल के दौरान पहली बार 50 स्कूलों के विद्यार्थियों को भी जोड़ा जाएगा। स्कूलों को चार जोन में बांटकर ‘श्यामला मंथन’ नाम से हिंदी और अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता बढ़ाना और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाना है। विजेताओं के लिए 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपए के पुरस्कार रखे गए हैं।

उत्सव में एंटी-चिट्टा इंटर डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल चैंपियनशिप भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। संजौली में होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। विजेता टीम को एक लाख और उपविजेता को 50 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली टीमों और बेहतरीन खिलाड़ियों को भी नकद पुरस्कार मिलेंगे।

इस बार ग्रीष्मोत्सव को डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा जा रहा है। प्रमुख कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण डीसी शिमला के फेसबुक पेज पर किया जाएगा, ताकि देश-विदेश के लोग भी इसका आनंद ले सकें। वहीं फिल्म फेस्टिवल के जरिए नशे और चिट्टे के खिलाफ बनी लघु फिल्मों को मंच दिया जाएगा। विजेता फिल्मों को एक लाख तक का पुरस्कार मिलेगा और चयनित फिल्मों को स्कूलों में भी दिखाया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि शहर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे और ट्रैफिक से लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *