27 मई: हमीरपुर जिले की दाड़ला पंचायत के भलेठ क्षेत्र में ब्यास नदी से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव भलेठ और सीहोरबल्ला गांवों को जोड़ने वाले ब्यास पुल के नीचे नदी के बीचों-बीच फंसा हुआ मिला।
स्थानीय लोगों ने शव दिखाई देने पर तुरंत इसकी सूचना सुजानपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया।
जांच के दौरान मृतक की पहचान 26 वर्षीय प्रवासी युवक के रूप में हुई, जो सुजानपुर के डोली क्षेत्र में एक तूड़ी की दुकान पर काम करता था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक करीब तीन दिन पहले अपने कुछ साथियों के साथ ब्यास नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गया। बताया जा रहा है कि साथियों ने उसे काफी देर तक तलाशने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर वे वहां से चले गए।
पुलिस के अनुसार हैरानी की बात यह रही कि घटना की सूचना न तो पुलिस को दी गई और न ही प्रशासन को अवगत करवाया गया। समय पर सूचना मिलने पर रेस्क्यू अभियान जल्द शुरू किया जा सकता था।
थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के साथ मौजूद साथियों से भी पूछताछ की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।