कसौली के जंगलों में भड़की भीषण आग, वायुसेना के हेलीकॉप्टर आग बुझाने में जुटे

27 मई: कसौली और आसपास के क्षेत्रों में जंगलों में लगी भीषण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। ओल्ड कसौली–परवाणू रोड, जांगेशू, मनौण, सनावर और गांगुड़ी सहित कई इलाकों के चीड़ के जंगल आग की चपेट में हैं। आग के चलते पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया है।

वन विभाग, स्थानीय प्रशासन, सेना और वायुसेना संयुक्त रूप से आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। वायुसेना के हेलीकॉप्टर ‘बांबी बकेट ऑपरेशन’ के तहत ऊपर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।

जंगलों में लगी इस आग से वन्यजीवों को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्रभावित क्षेत्रों में तेंदुए, हिरण, जंगली सूअर, बंदर, लंगूर, मोर और कई दुर्लभ पक्षी प्रजातियां निवास करती हैं।

गर्मियों के मौसम में अप्रैल से जून के बीच चीड़ की सूखी पत्तियां और तेज गर्म हवाएं जंगलों में आग फैलने की घटनाओं को और गंभीर बना देती हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *