26 मई: SSC GD कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने GD कांस्टेबल परीक्षा की तारीख में बदलाव कर दिया है। पहले यह परीक्षा 28 मई 2026 को आयोजित होनी थी, लेकिन अब आयोग ने इसे एक दिन पहले यानी 27 मई 2026 को कराने का फैसला लिया है।
SSC द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, परीक्षा तिथि में बदलाव ईद-उल-जुहा (बकरीद) की छुट्टी को ध्यान में रखते हुए किया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से अवकाश तिथि में संशोधन किए जाने के बाद आयोग ने नया शेड्यूल जारी किया।
नई परीक्षा तिथि के अनुसार अब उम्मीदवारों को 27 मई 2026 को परीक्षा देनी होगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी और यात्रा से जुड़े प्लान में बदलाव करने की सलाह दी गई है। उम्मीदवार SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें ताकि किसी भी नए अपडेट की जानकारी समय पर मिल सके।
आयोग ने यह भी बताया है कि परीक्षा के एडमिट कार्ड एग्जाम से करीब 2 से 3 दिन पहले जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार अपने लॉगिन क्रेडेंशियल की मदद से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग टाइम और जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
यह भर्ती परीक्षा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs), SSF और असम राइफल्स में राइफलमैन (GD) पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है। हर साल लाखों अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं।