बैलेट पेपर में गड़बड़ी, BDC उम्मीदवार का नाम गायब; करसोग में चुनाव रोके गए

26 मई: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण के तहत मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। इसी बीच मंडी जिले के करसोग क्षेत्र से चुनाव प्रक्रिया में बड़ी प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है। बीडीसी उम्मीदवार का नाम बैलेट पेपर में शामिल न होने के कारण संबंधित वार्डों में मतदान प्रक्रिया को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार करसोग के थाच-थर्मी, प्रलोग और मेंडी बीडीसी वार्ड में एक प्रत्याशी का नाम मतपत्र में नहीं छपा था। मामला सामने आते ही मतदान केंद्रों पर हंगामे की स्थिति बन गई। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चुनाव प्रक्रिया रोकने का फैसला लिया।

प्रशासन का कहना है कि बैलेट पेपर में तकनीकी खामी पाए जाने के कारण मतदान स्थगित किया गया है। अब नए निर्देश जारी होने के बाद ही इन वार्डों में दोबारा मतदान करवाया जाएगा।

उधर, प्रदेशभर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में करवाए जा रहे हैं। पहले चरण के तहत मंगलवार को 1293 पंचायतों में मतदान हो रहा है, जो सुबह सात बजे से शुरू होकर दोपहर तीन बजे तक चलेगा। चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *