26 मई: जिला कांगड़ा में पंचायती राज चुनाव-2026 के पहले चरण के तहत मंगलवार को 287 पंचायतों में मतदान होगा। अति दुर्गम बड़ा भंगाल पंचायत में भी चुनाव को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां एक मतदान केंद्र बड़ा भंगाल और दूसरा बीड़ में बनाया गया है।
प्रशासन के अनुसार बड़ा भंगाल में मतदान मंगलवार को होगा, लेकिन मतगणना उसी दिन नहीं की जाएगी। मतदान के बाद पोलिंग पार्टियां मतपेटियां लेकर मुख्यालय लौटेंगी। मौसम साफ रहने पर उनकी वापसी हेलिकॉप्टर से करवाई जाएगी, जबकि खराब मौसम की स्थिति में उन्हें पैदल लौटना पड़ सकता है। मतपेटियों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा और 31 मई को जिला परिषद तथा बीडीसी चुनावों के साथ मतगणना की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि पहले चरण के मतदान के लिए सभी पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है। मतदान सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच पदों की मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले में 330 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए विशेष सुरक्षा योजना तैयार की है।
जिला कांगड़ा में कुल 846 पंचायतों में तीन चरणों में चुनाव करवाए जा रहे हैं। पहले चरण में 287 पंचायतें, दूसरे चरण में 282 और तीसरे चरण में 277 पंचायतें शामिल हैं। पूरे जिले में 4856 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।