25 मई, रवि दत्त भारद्वाज : राजगढ़ विकास खंड में त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले चरण का मतदान 26 मई को होना है, जिसके लिए सोमवार को राजगढ़ से 64 पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री सहित उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। निर्वाचन विभाग ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
राजगढ़ विकास खंड की 12 पंचायतों में 26 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। जिन पंचायतों में मतदान होना है उनमें टाली भुज्जल, देवठी मझगांव, कोटला बांगी, कड़ोली दौची, नेहरटी बघोट, शिलांजी, थैना बसोतरी, वाहन, छोगटाली, नेहरपाब, काथली भरण और हाब्बन पंचायत शामिल हैं।
मतदान प्रक्रिया के संचालन के लिए पोलिंग पार्टियों को परिवहन निगम की बसों के माध्यम से मतदान सामग्री सहित रवाना किया गया। ये टीमें 25 मई को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर केंद्रों की स्थापना करेंगी और आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगी।
निर्वाचन विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन, मतदान सामग्री वितरण और कर्मचारियों की तैनाती को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन अधिकारी पंचायती राज कुलदीप ठाकुर ने मतदान सामग्री वितरण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कुलदीप ठाकुर ने बताया कि 26 मई को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और अन्य सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों और मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन का दावा है कि पंचायत चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ करवाए जाएंगे। अब सभी की निगाहें 26 मई को होने वाले मतदान पर टिकी हैं, जहां ग्रामीण मतदाता अपने पंचायत प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।