अब एक छत के नीचे मिलेंगी सरकारी सेवाएं, हमीरपुर में बनेगा नया सचिवालय

23 मई: हमीरपुर जिला मुख्यालय में नए संयुक्त कार्यालय भवन यानी मिनी सचिवालय के निर्माण की प्रक्रिया अब शुरू होने जा रही है। इस संबंध में शनिवार को हमीर भवन में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आम जनता से जुड़े अधिक से अधिक विभागों को एक ही भवन में स्थापित करने और उनकी जरूरतों के अनुसार भवन निर्माण को लेकर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान जिला सचिवालय के पुराने भवनों की जगह नया संयुक्त कार्यालय भवन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इस भवन के अलग-अलग ब्लॉकों में विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यालय स्थापित किए जाएंगे, ताकि लोगों को अलग-अलग सेवाओं के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े और सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकें।

उन्होंने कहा कि उपायुक्त कार्यालय परिसर और आसपास संचालित विभागों के अलावा शहर में किराये या अन्य भवनों में चल रहे कार्यालयों को भी नए मिनी सचिवालय में स्थान दिया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों से उनकी आवश्यकताओं के अनुसार जानकारी मांगी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने विभागों के कर्मचारियों की संख्या और भवन में आवश्यक स्थान का पूरा ब्यौरा दो-तीन दिन के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाएं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *