पंचायत चुनाव में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, एसडीएम ने दिए सख्त निर्देश

23 मई: हमीरपुर के एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संजीत सिंह ने आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों को लेकर चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।

बड़ू स्थित बहुतकनीकी महाविद्यालय के सभागार में आयोजित दूसरे दौर के पूर्वाभ्यास के दौरान एसडीएम ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और निर्विवाद तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी अधिकारी राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और नियमों को अच्छी तरह समझ लें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की शंका होने पर तुरंत उच्च अधिकारियों से संपर्क किया जाए।

उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान दल 24 मई को रवाना किए जाएंगे। मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद सभी दलों को अपनी रिपोर्ट भेजनी होगी। वहीं, पोलिंग बूथ स्थापित करने की प्रक्रिया 25 मई तक पूरी करनी होगी, ताकि 26 मई को सुबह 7 बजे बिना किसी देरी के मतदान शुरू कराया जा सके।

पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी तान्या शर्मा, तहसीलदार हमीरपुर नरेश पटियाल, नायब तहसीलदार जगदीश ठाकुर, विभिन्न सेक्टर अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारियों ने भाग लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *