भीषण हादसा: डंपर ने सोते हुए परिवार को रौंदा, पिता समेत चार की गई जान

23 मई: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में उस समय हुआ, जब परिवार भीषण गर्मी के कारण सड़क किनारे मच्छरदानी लगाकर सो रहा था।

जानकारी के अनुसार, ग्राम झांसा निवासी नीरज चौहान अपनी पत्नी आरती और तीन बच्चों के साथ सड़क किनारे सो रहे थे। इसी दौरान महमूदाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर परिवार पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि नीरज चौहान और उनके बड़े बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल आरती, बेटी अंशिका तथा बेटे आशू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में अंशिका और आशू ने भी दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई। घायल आरती का अस्पताल में उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *