23 मई: हिमाचल प्रदेश सरकार चिट्टे और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए मेगा वॉकथॉन अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत 2 जून से करने जा रही है। यह अभियान 20 अगस्त तक चलेगा, जिसके तहत जिन जिलों में अब तक वॉकथॉन आयोजित नहीं हुई है वहां बड़े स्तर पर रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की अगुवाई मुख्यमंत्री करेंगे।
राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने हमीरपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि प्रदेश सरकार के तीन साल के कार्यकाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत 10,357 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 176 बड़े तस्कर जेल में बंद हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि हिमाचल में एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 6,811 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जो पिछली भाजपा सरकार के मुकाबले 33 फीसदी अधिक हैं। इन मामलों में 45,864 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। वहीं एसटीएफ ने 300 वित्तीय मामलों की जांच की, जिनमें 76 अवैध संपत्ति के केस दर्ज किए गए और 13 अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया गया।
सरकार की ओर से नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में अब तक 23 सरकारी कर्मचारियों को भी बर्खास्त किया जा चुका है।
इस दौरान नरेश ठाकुर ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व बोर्ड संयोजक ओपी शर्मा सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ गलत बयानबाजी कर रहे हैं।