18 मई: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में मानव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। जिला प्रशासन, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने ऑर्केस्ट्रा की आड़ में बंधक बनाकर रखी गई छह नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। मामले में ऑर्केस्ट्रा संचालक रामबाबू गुप्ता समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुक्त कराई गई लड़कियों में एक नाबालिग गर्भवती भी मिली, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला योगापट्टी प्रखंड के शनिचरी थाना क्षेत्र के बहुअरवा गांव का है। चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक आलोक कुमार ने बताया कि पटना स्थित ‘मुक्ति फाउंडेशन’ से इस नेटवर्क के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर स्थानीय पुलिस और एएचटीयू के साथ मिलकर चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान छह लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें पांच लड़कियां पश्चिम बंगाल और एक बिहार के सीतामढ़ी जिले की रहने वाली बताई जा रही है। शुरुआती पूछताछ में पीड़िताओं ने बताया कि उन्हें अच्छे रोजगार का झांसा देकर यहां लाया गया था। बाद में उन्हें बंधक बनाकर ऑर्केस्ट्रा की आड़ में जबरन गलत गतिविधियों में धकेला गया।
मुक्त कराई गई लड़कियों में एक नाबालिग के गर्भवती मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। फिलहाल सभी पीड़िताओं को शेल्टर होम भेजा गया है, जहां उनकी मेडिकल जांच और काउंसलिंग कराई जा रही है। वहीं पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।