गोविंद सागर झील बनी सनसनी का केंद्र, युवक का शव मिलने से हड़कंप

15 मई: ऊना के कोलका क्षेत्र स्थित गोविंद सागर झील में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। झील में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान गगनदीप पुत्र रोशन लाल निवासी अघार, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटनास्थल के पास पुलिस को एक मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली है, जिसका नंबर 28B-7613 बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह बाइक मंडी जिले में रहने वाले मृतक के एक रिश्तेदार की हो सकती है।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *