15 मई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए आईपीएल मुकाबले से पहले हिमाचली संस्कृति और संगीत का शानदार रंग देखने को मिला। मैच शुरू होने से पहले कांगड़ा के गायक कुमार साहिल ने हिंदी, पहाड़ी और पंजाबी गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनके गीतों पर स्टेडियम में मौजूद क्रिकेट प्रेमी देर तक झूमते और नाचते नजर आए।
इस दौरान स्टेडियम में हिमाचली टोपी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे दर्शकों ने पारंपरिक हिमाचली टोपी पहनकर स्थानीय संस्कृति के प्रति अपना उत्साह दिखाया। कई लोग रंग-बिरंगी टोपियों में तस्वीरें खिंचवाते और वीडियो बनाते दिखाई दिए, जिससे पूरा माहौल पहाड़ी रंग में रंगा नजर आया।
गद्दियाली और कांगड़ी पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने भी स्थानीय लोक संस्कृति की मनमोहक झलक पेश की। वहीं पंजाबी भांगड़ा ने माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। स्टेडियम के अलग-अलग स्टैंड में बैठे दर्शक भी संगीत की धुनों पर थिरकते नजर आए। मैच से पहले हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को दोगुना कर दिया।
मुकाबले के दौरान मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का एक खास प्रशंसक भी दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। राजस्थान से पहुंचे युवा प्रशंसक ने अपने पूरे शरीर को नीले रंग में रंग रखा था और उस पर बड़े अक्षरों में ‘सूर्या 63’ लिखवाया हुआ था। हालांकि सूर्यकुमार यादव धर्मशाला नहीं पहुंचे थे, फिर भी उनके प्रशंसक का जोश दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
मैच देखने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल तथा पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के सचिव बृजेश पटेल भी धर्मशाला पहुंचे। साथ ही पंजाब किंग्स की मालकिन प्रीति जिंटा ने भी मुकाबले का आनंद लिया। इन दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी ने मैच के माहौल को और खास बना दिया।