15 मई हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांघी के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान पवन कुमार पुत्र जन्नत निवासी उलेणी, जिला चंबा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार (एचपी 48बी-5540) देर रात जांघी क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। अंधेरा और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल चालक बर्फों पुत्र बुधिया का उपचार जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव उलेणी में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।