मतगणना पर रहेगी आयोग की लाइव नजर, पहली बार होगी वेबकास्टिंग

15 मई: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकाय चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। इस बार पहली बार जिला परिषद, बीडीसी और नगर निकाय चुनावों की मतगणना की वेबकास्टिंग की जाएगी। आयोग ने सभी जिला उपायुक्तों को इसके लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार पंचायत चुनावों की मतगणना मतदान वाले दिन ही पूरी कर ली जाएगी, जबकि जिला परिषद और बीडीसी सदस्यों की मतगणना 31 मई को होगी। इन महत्वपूर्ण मतगणना केंद्रों पर आयोग वेबकास्टिंग के जरिए सीधे निगरानी रखेगा। इसके अलावा प्रदेश के अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर भी लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या विवाद की संभावना को रोका जा सके।

आयोग और जिला प्रशासन के अधिकारी वेबकास्टिंग के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए रखेंगे। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करना आसान होगा। आयोग का मानना है कि तकनीक के इस्तेमाल से चुनाव प्रणाली अधिक मजबूत और विश्वसनीय बनेगी। प्रदेश में पहली बार लागू की जा रही यह व्यवस्था निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में अहम पहल मानी जा रही है।

जिन क्षेत्रों में इंटरनेट या नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। ऐसे स्थानों पर चुनाव प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग के लिए विशेष रूप से वीडियोग्राफरों की तैनाती की जाएगी, ताकि पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *